अस्पताल प्रशासन ने स्वास्थ्य निदेशालय को नई मशीनों की खरीद का भेजा प्रस्ताव
कोटद्वार। बेस अस्पताल की सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनें अगले साल 10 वर्ष पुरानी हो जाएगी। इससे उनके सुरक्षित संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। अस्पताल प्रशासन ने स्वास्थ्य निदेशालय को नई मशीनों की खरीद का प्रस्ताव भेजा है।
बेस अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन 26 मई, 2017 को स्थापित हुई थी। यह मई 2027 में 10 वर्ष की निर्धारित अवधि पूरी कर लेगी। एमआरआई मशीन 21 जून, 2017 को लगी थी, जो जून 2027 में 10 वर्ष पुरानी हो जाएगी। इन मशीनों ने दुर्घटना में घायल मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि निर्धारित अवधि के बाद इनकी कार्यक्षमता प्रभावित होने की आशंका रहती है। मशीनें बंद होने पर मरीजों को गंभीर परेशानी होगी और जांच सेवाएं रुक जाएंगी।
प्रमुख अधीक्षक डॉ. विजय सिंह का कहना है कि सीटी स्कैन मशीन और एमआरआई मशीन अगले वर्ष 10 वर्ष की अवधि पूरी कर लेंगी। लेखा परीक्षा रिपोर्ट के आधार पर नई मशीनों की स्थापना के लिए स्वास्थ्य निदेशालय को प्रस्ताव भेज दिया गया है।