किशनपुर (कोटद्वार)। भाबर जशोधरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में चोरों ने दो खोकों और एक मजदूर के कमरे का ताला तोड़कर हजारों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की सूचना पाते ही पुलिस जांच में जुट गई है।
पुलिस को दी तहरीर में झंडीचौड़ पूर्वी निवासी मनोज सिंह ने बताया कि जशोधरपुर फैक्ट्री एरिया में चोरों ने मोबाइल रिचार्ज और रिपेयरिंग के खोके में तीन ताले तोड़कर करीब 500 रुपये की नकदी और 15 हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। दूसरी ओर चोरों ने फैक्ट्री परिसर में ही बालागंज निवासी उदय सिंह रावत के खोके के ताले तोड़ने का भी प्रयास किया है। उधर, श्रीरामपुर सिगड्डी निवासी श्रमिक नरेंद्र शर्मा के कमरे से चोरों ने करीब चार हजार की नकदी और सामान उड़ा लिया। एक सप्ताह में दूसरी बार हुई घटना से क्षेत्रवासियों में दहशत है। उन्होंने पुलिस से शीघ्र चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। कलालघाटी पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विवेक राठी ने बताया कि चोरी की सूचना आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-फोटो