कोटद्वार। दुगड्डा ब्लॉक के ग्राम कूरीखाल निवासी एक व्यक्ति ने अपने बेटे पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। उन्होंने कोतवाली पुलिस को इसकी तहरीर दी है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
ग्राम कूरीखाल निवासी वीरेंद्र सिंह राणा ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा कि उनका दूसरा बेटा बलराज नजीबाबाद रोड स्थित ग्राम कौड़िया में उनके बनाए मकान में रहता है, जबकि वे स्वयं अपने पैतृक गांव कूरीखाल रहते हैं। उन्होंने बताया कि गत 14 दिसंबर 2017 को उनके पुत्र ने उनके साथ मारपीट की। इसका मुकदमा उपजिलाधिकारी के न्यायालय में चल रहा है। उनका आरोप है कि बलराज गत 16 जून को पुन: उनके घर में आ धमका और मारपीट करने पर उतारू हो गया। गांव वालों ने किसी तरह बीच बचाव कर उनको छुड़ाया। इसके बाद 22 जून को एक बार फिर बलराज चुपचाप घर में घुसा और जली हुई लकड़ी से हमला कर दिया। उनका यह भी आरोप है कि बलराज एक जून को अपनी तीनों लड़कियों को उनके पास छोड़ गया। तीनों बच्चे बिना मां-बाप के तड़प रहे हैं। तहरीर में उन्होंने बलराज से जान का खतरा बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।