किशनपुर। कलालघाटी पुलिस ने जशोधरपुर निवासी सोनू पुत्र दीपू सिंह को चोरी के सामान समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवक से एक अवैध चाकू भी बरामद किया है। कलालघाटी इंचार्ज विवेक राठी ने बताया कि हल्दूखाता मल्ला निवासी दिनेश चंद्र ध्यानी ने बृहस्पतिवार को कलालघाटी पुलिस चौकी में अपने निर्माणाधीन भवन से 19 सीमेंट के कट्टे चोरी होने के मामले में तहरीर दी थी। तहरीर में दिनेश ने बताया कि हल्दूखाता स्थित निर्माणाधीन भवन से बुधवार देर रात चोरों ने 19 कट्टे सीमेंट के चोरी कर लिए थे। पुलिस ने क्षेत्र में ग्रामीणों की मदद से खोजबीन करनी शुरू कर दी। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर पता चला कि जशोधरपुर निवासी वीरेंद्र सिंह ने सोनू से बीती रात 19 कट्टे सीमेंट के सस्ते दामों में खरीदे थे। वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सोनू ने वे सीमेंट के कट्टे दिनेश चंद्र के निर्माणाधीन भवन से चुराकर उसे सस्ते में बेचे थे। पुलिस ने सोनू को जशोधरपुर क्षेत्र से ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को युवक के पास से एक चाकू भी बरामद हुआ है।