कोटद्वार। नगर क्षेत्र के अंतर्गत गाड़ीघाट तिराहे में दो बाइकों की भिड़ंत में दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर शुक्रवार रात एक अनियंत्रित ट्रक एक भवन की चाहरदीवारी तोड़कर अंदर घुस गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लकड़ीपड़ाव निवासी सान (25) पुत्र लतीफ पड़ोस के एक बच्चे को बाइक में लेकर बाजार आ रहा था। रास्ते में गाड़ीघाट तिराहे पर विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आ रही बाइक से उसकी बाइक से जा भिड़ी। दुर्घटना में सान के साथ ही दूसरी बाइक सवार सिद्धार्थ (24) पुत्र अजय निवासी बालासौड़ घायल हो गया। दोनों को यहां बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर, शुक्रवार रात टाटा मोटर के समीप दुगड्डा की ओर से तेज रफ्तार से आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सभासद शांति पाठक की चाहरदीवारी तोड़ते हुए भीतर घुस गया। ट्रक परिचालक चला रहा था। गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी परिचालक को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस ने बताया कि परिचालक गाड़ी चला रहा था और शराब के नशे में धुत था।