कोटद्वार। पेंटर भगवत सिंह हत्याकांड का मास्टर माइंड उसके साले सतपाल सिंह की गिरफ्तारी को पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह अभी हत्थे नहीं चढ़ सका है। यूपी के नगीना तहसील के कोटरा गांव निवासी सतपाल सिंह को गत 21 अप्रैल को कोटद्वार में उसके जीजा भगवत सिंह की हत्या में मुख्य आरोपी बनाया गया है।
हत्याकांड में कोटद्वार कोतवाली पुलिस ने उसकी पत्नी सुनीता, उसके प्रेमी शाहबुद्दीन उर्फ रुद्र, जमील उर्फ छोटू, जाकिर आलम पुत्र समीरूद्दीन, मो. आसिफ पुत्र आबिद और मो. एहसान पुत्र नसीम अहमद हाल निवासी लकड़ीपड़ाव को गिरफ्तार कर पौड़ी जेल दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी सतपाल सिंह अपने गांव से फरार चल रहा है। प्रभारी कोतवाली राकेंद्र कठैत ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
चोरी और लूट के दो मामलों में पुलिस के हाथ खाली
कोटद्वार। गत अप्रैल के तीसरे सप्ताह में काशीरामपुर के न्यू प्रतापनगर में एक बंद घर में हुई लाखों रुपये और जेवर की चोरी व भाबर के नंदपुर गांव में एक दुकान में हुई 40 हजार की लूट के मामले में दो सप्ताह बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
गत 20 अप्रैल की रात को यूपी के धामपुर में शादी में शामिल होने गए महेंद्र सिंह रघुवंशी के बंद घर से चोर करीब 1.75 लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये के जेवर उड़ा ले गए थे। घटना का पता तब चला था, जब अगले दिन देर शाम को महेंद्र सिंह का परिवार शादी से लौटा। इस मामले में पुलिस अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन में जुटी है। इसके बाद भाबर के नंदपुर गांव में दो बाइक सवार बदमाशों ने दुकानदार रामेश्वर प्रसाद जोशी की दुकान से रुपयों से भरा पर्स लूट लिया। पर्स में करीब 40 हजार की नकदी थी।