गेंद मेला समिति डाडामंडी के गेंद मेला मैदान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में खेले गए मैच
दुगड्डा (कोटद्वार)। गेंद मेला समिति डाडामंडी के गेंद मेला मैदान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को खेले गए पहले मैच में ओएमजी दुर्गापुरी और दूसरे मैच में भेल्डा बड़ा की टीमें विजयी रहीं।
राजकीय ऐतिहासिक पौराणिक गेंद मेला सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा समिति की ओर से विकासखंड द्वारीखाल के डाडामंडी के गेंद मेला मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। पहला मैच नड्डा व ओएमजी दुर्गापुरी के बीच खेला गया। टाॅस जीतकर ओएमजी दुर्गापुरी ने पहले गेंदबाजी की। नड्डा की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 128 रन बनाए। ओएमजी दुर्गापुरी की टीम ने आसानी से विजयी लक्ष्य को पा लिया।
वहीं, दूसरा मैच विक्की इलेवन व भेल्डा बड़ा के बीच खेला गया। टाॅस जीतकर भेल्डा बड़ा ने बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में 208 रन बनाए। विक्की इलेवन 15 ओवर में 197 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मेला समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश तिवारी, सचिव किशनलाल चौधरी, कोषाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रावत, प्रमोद चौहान, जितेंद्र नाथ, चंद्रमोहन चौधरी, आनंद सिंह रावत, रोशन सिंह रावत, रघुबीर सिंह रावत, आशीष रावत, शुभम रावत, मनोज बुड़ाकोटी, सचिन, दीपक चौहान, सते सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।