कोटद्वार। बच्चे की पहली शिक्षक उसकी मां होती है। बच्चों के मन में मां के लिए खास जगह होती है। अभिभावक घर में बेहतर शैक्षिक माहौल बनाएं, जिससे बच्चे अच्छे ढंग से पढ़ाई कर परिवार और स्कूल का नाम रोशन कर सकें।
एसजीआरआर लालपानी के वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने यह बात कही। कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। अभिभावकों को अपने बच्चों को अच्छे संस्कार देने चाहिए। प्रदेश के विकास के लिए सभी को साथ काम करना होगा। प्रधानाचार्य विभाकर डबराल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रगति रिपोर्ट पेश की। सरस्वती वंदना से शुरू हुए कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी पद पर चयनित विद्यालय की पूर्व छात्रा पूजा गुसाईं को सम्मानित किया गया।
पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, निवर्तमान मेयर हेमलता नेगी, सिद्धबली मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. जेपी ध्यानी, पूर्व राज्य मंत्री विजय नारायण सिंह, जसबीर राणा, बार संघ के अध्यक्ष अजय पंत, एसजीआरआर एजूकेशन मिशन देहरादून के उपाध्यक्ष डॉ. आरपी ध्यानी, एसजीआरआर पैरामेडिकल कोटद्वार के प्राचार्य डॉ. गिरीश उनियाल, एसजीआरआर कण्वघाटी के प्रधानाचार्य प्रवेश कुमार बडोला, पीटीए अध्यक्ष ललिता प्रसाद घिल्डियाल आदि मौजूद रहे। संचालन शिक्षिका मीना थलेड़ी, छात्र शिवम एवं दिव्यांशी ने किया।
.
बच्चों ने दीं रंगारंग प्रस्तुतियां
बैजरो। बीरोंखाल ब्लॉक के अंतर्गत एसजीआरआर बैजरो का 20वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उद्घाटन मुख्य अतिथि जीआईसी बैजरो के प्रधानाचार्य दीनदयाल बिष्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, कुमाऊंनी, राजस्थानी व हिंदी गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने एकांकी नाटकों का मंचन भी किया। डाकिए की भूमिका पर आयोजित गढ़वाली नाटक को लोगों ने काफी सराहा। प्रधानाचार्य वीरेंद्र सिंह गुसाईं ने आंगतुकों का आभार जताते हुए विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट पेश की। पूर्व प्रधानाचार्य लक्ष्मी प्रसाद चमोला, जगदीश बिष्ट, चंद्र हंस वोहरा, बीरेंद्र रावत आदि मौजूद रहे। संचालन उषा बौड़ाई व लोकेश कोठियाल ने किया।