पहली बार स्कूल जा रहे 4 साल के बच्चे को कुत्ते ने काटा
- फोटो : अमर उजाला
नगर पालिका क्षेत्र के आमपड़ाव, मीट मार्केट, चर्च रोड, पटेल मार्ग और झंडा चौक पर बृहस्पतिवार सुबह पागल कुत्ते का आतंक रहा। उसने सुबह सात बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक करीब 46 लोगों को काट लिया। नगरपालिका की लापरवाही देखो वह इस पूरे मामले से अनजान बना रहा। अंत में परेशान होकर लोगों ने पागल कुत्ते को लाठी-डंडों से मार डाला।
बृहस्पतिवार सुबह सात बजे आम पड़ाव में उस समय भगदड़ मच गई जब एक पागल कुत्ते ने लोगों को काटना शुरू कर दिया। देखते ही देखते उसने कई महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को काट लिया और कई के कपड़े फाड़ दिए। लोगों ने उसे आम पड़ाव से भगाया तो वह चर्च रोड और अन्य स्थानों पर लोगों को काटने लगा।
दोपहर बाद तक कुत्ते का लोगों को काटने का सिलसिला चलता रहा। लोग एक एक कर रैबिज के इंजेक्शन लगाने के लिए अस्पताल पहुंचने लगे। देखते ही देेखते अस्पताल में रैबिज के इंजेक्शन लगाने वालों की भीड़ लग गई। ड्यूटी पर तैनात अस्पताल के फार्मेसिस्ट दिनेश मिश्रा ने बताया कि सुबह से दो बजे तक 46 मामले कुत्ते के आए हैं जिन्हें रैबिज के इंजेक्शन लगाए गए हैं।
जौनपुर निवासी अमित सेमवाल ने बताया कि पागल कुत्ते की शिकायत नगर पालिका से की गई थी, लेकिन किसी ने कुत्ते को पकड़ने अथवा मारने की कार्रवाई नहीं की। लोगों में उस समय चीख पुकार मच गई जब कुत्ते ने एक छोटे बच्चे पर हमला कर दिया। फिर लोगों से रहा नहीं गया उन्होंने कुत्ते को घेरकर लाठी-डंडों से मार डाला। एसडीएम राकेश तिवारी ने इसे नगर पालिका की लापरवाही बताया। कहा कि नगर पालिका को मामले पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। कहा कि मामले का संज्ञान लिया जाएगा।