दुगड्डा ब्लॉक के रामा गांव में दिल्ली और गाजियाबाद से पांच परिवारों के 36 लोगों के एक साथ पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। कोरोना संक्रमण को लेकर विभाग की टीम ने गांव में जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। प्राथमिक जांच में किसी में भी कोरोना के लक्षण नहीं पाए गए। विभाग ने लोगों को अपने घरों में ही होम क्वारंटीन के निर्देश दिए।
राजस्व उप निरीक्षक राजेश राणा ने बताया कि दुगड्डा ब्लॉक के रामागांव में पांच परिवारों के 36 लोगों के गांव पहुंचने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर सभी लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पूरा परिवार दिल्ली और गाजियाबाद से निजी वाहनों से अपने गांव पहुंचे हैं। बताया कि जांच के दौरान सभी लोगों का स्वास्थ्य सामान्य पाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिवार के सदस्यों को सेल्फ क्वारंटीन की सलाह दी है। उधर, नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद ममगाईं ने बताया कि मंगलवार शाम को दिल्ली से फ्लाइट से जौलीग्रांट हवाई अड्डा पहुंचे शिब्बूनगर और खूनीबड़ निवासी दो लोगों को मंगलवार देर शाम को कोटद्वार लाया गया। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे में दोनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जांच में दोनों का स्वास्थ्य सामान्य पाया गया।