जिन ग्राम पंचायतों ने धनराशि लेकर छह साल बाद भी विद्यालयों में कक्षा कक्ष का निर्माण नहीं कराया, विभागीय अधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से पैसा वसूली के आदेश करवाए हैं।
जिले के प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा कक्ष निर्माण के लिए लगभग 53 लाख 65 हजार रुपये की धनराशि वर्ष 2009-10 में 21 ग्राम पंचायतों को दी गई थी। एक कक्षा कक्ष के लिए एक लाख 85 हजार रुपये की धनराशि तय थी। इसमें 29 अतिरिक्त कक्ष बनने थे। इसमें तीन विद्यालयों ने कक्षा कक्षों का निर्माण शुरू ही नहीं किया और पैसा विभाग को लौटा दिया। 18 ग्राम पंचायतों ने कक्षा कक्ष बनाने शुरू तो किए लेकिन छह साल में आज तक कार्य पूरा नहीं कर सके। इतना समय बीत जाने के बाद भी विभाग ने इस धनराशि की सुध नहीं ली और न ही इसमें कार्रवाई हुई। अब विभागीय अधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से इन ग्राम पंचायतों से पैसा वसूली के आदेश करवाए हैं।
कमरे में नहीं हुआ प्लास्टर
विकासखंड एकेश्वर के प्राथमिक विद्यालय इसोटी में दो कक्षा कक्षों के निर्माण के लिए ग्राम पंचायत को वर्ष 2009-10 में धनराशि दी गई थी लेकिन अब तक कमरे में प्लास्टर नहीं किया गया है। यमकेश्वर के प्राथमिक विद्यालय आमसैंण में दो कक्षा कक्षों के निर्माण के लिए ग्राम पंचायत को पैसा दिया गया था। आज तक इनका निर्माण शुरू ही नहीं हो सका।
कक्षों में केवल स्लैब और लेंटर पड़े
बीरोंखाल के प्राथमिक विद्यालय भैंसवाड़ा के एक कक्षा कक्ष, कांडा मल्ला के दो कक्षा कक्षों में अब तक स्लैब ही डाले जा सके हैं। बीरोंखाल के ही प्राथमिक विद्यालय कनेरा और नागनी में निर्माणाधीन दो कक्षा कक्षों में खिड़कियां डाली जा सकी हैं। बीरोंखाल के ही प्राथमिक विद्यालय मसणखोली, बडयाण और थापलामल्ला के एक कक्षा कक्ष का लेंटर डाला जा सका है।
कक्षों में दरवाजे ही नहीं लगे
विकासखंड कल्जीखाल के प्राथमिक विद्यालय बलोद में दो कक्षा कक्षों के निर्माण कार्य की गुणवत्ता ठीक नहीं मिली। थलीसैंण के प्राथमिक विद्यालय आंताखोली में निर्माणाधीन एक कक्षा कक्ष का डोर बैंड तक का कार्य हुआ है। थलीसैंण में ही प्राथमिक विद्यालय ईडा मल्ला में निर्माणाधीन एक कक्षा कक्षा का अब तक स्लैब डालने तक का ही कार्य हो सका है। थलीसैंण के ही प्राथमिक विद्यालय मर गांव में डोर बैंड तक का काम हुआ है। प्राथमिक विद्यालय कुचोली में दो कक्षा कक्षों में दरवाजे नहीं लग सके हैं।
उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरगांव और टीला में एक कक्षा कक्ष निर्माण होना था अब तक खिड़कियां नहीं लग सकी हैं। मरगांव, टीला और स्योली मल्ली में खिड़कियां नहीं लगाई जा सकी हैं। एकेश्वर विकासखंड के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डियूल्ड में निर्माणाधीन एक कक्षा कक्ष का आज तक प्लास्टर नहीं हो सका है। पाबौ विकासखंड के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पांग के एक कक्षा कक्ष का लेंटर डाला जा सका है। वहीं, पाबौ के ही प्राथमिक विद्यालय नौठा में एक कक्षा कक्ष का निर्माण अब तक शुरू ही नहीं किया गया। दुगड्डा के प्राथमिक विद्यालय जौरासी में दो कक्षा कक्षों का निर्माण कार्य इतने सालों में महज स्लैब तक पहुंच सका है।
मामले में कार्रवाई के लिए लिखा गया है। नोटिस जारी कर दिए गए हैं। स्पष्टीकरण मिलने के बाद रिकवरी की अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
- सुरेंद्रनाथ, डीपीआरओ पौड़ी जनपद