सीला में सड़क डामरीकरण का भूमि पूजन और मुरान्यूं सड़क के उद्घाटन पर बोलीं विधायक
दुगड्डा (कोटद्वार)। यमकेश्वर की विधायक रेनू बिष्ट ने सीला में सड़क डामरीकरण कार्य का भूमि पूजन और मुरान्यूं में नव निर्मित सड़क का उद्घाटन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक का सम्मान कर उनका आभार जताया।
असवाल गढ़ क्षेत्र के सीला गांव को लंबे समय से बेहतर सड़क सुविधा का इंतजार था। सेंधीखाल के फुलणसैंण से सीला-बरस्वार-चुंडई मोटर मार्ग का निर्माण वर्ष 2005-06 में हुआ था, लेकिन यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र की 2.25 किमी सड़क का डामरीकरण नहीं हो पाया था। अब 173.04 लाख रुपये की लागत से सड़क का डामरीकरण कराया जाएगा। डामरीकरण के भूमि पूजन के दौरान विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि उन्होंने ग्रामीणों से सड़क सुविधा उपलब्ध कराने का वादा किया था, जिसे पूरा किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों की मांग के बाद सड़क का डामरीकरण होने जा रहा है। वहीं, मुरान्यूं में 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित 500 मीटर सड़क का उद्घाटन भी विधायक ने किया। इस अवसर पर मुरान्यूं की क्षेपंस ममता रावत, प्रधान रेखा रावत, प्रभा रावत, जेई मुकेश कुमार, ग्रामीण संजय रावत, मीनाक्षी, अर्जुन सिंह नेगी, योगेंद्र बिष्ट, कल्याण सिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह बिष्ट, विक्रम सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।