प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मनरेगा को कमजोर करने वाले प्रस्ताव को वापस लेने की उठाई मांग
कोटद्वार। मनरेगा योजना का नाम बदलने पर कांग्रेसी भड़के हुए हैं। जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने मनरेगा योजना से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाने के प्रस्ताव के विरोध में बुधवार को झंडाचौक में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का पुतला फूंका।
जिला एवं महानगर कांग्रेस कार्यकर्ता अपने गैराज रोड स्थित कार्यालय में एकत्र हुए। यहां से वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर को हाथों में लेकर नारेबाजी करते हुए झंडाचौक पहुंचे और मोदी सरकार के पुतले को आग के हवाले कर दिया। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने का प्रयास कर रही है, जो गांधी जी के विचारों, श्रम की गरिमा, सामाजिक न्याय और गरीबों के प्रति राज्य की जिम्मेदारी पर सीधा हमला है। कांग्रेस पार्टी इस कदम को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी।
प्रदर्शन करने वालों में महानगर कांग्रेस की अध्यक्ष मीना बछुवाण, पूर्व अध्यक्ष संजय मित्तल, प्रवीन रावत, विजय नारायण सिंह, साबर सिंह नेगी, हेमचंद पवांर, धीरेंद्र सिंह बिष्ट, बृजपाल सिंह नेगी, नीरज बहुगुणा, कमल किशोर बिष्ट मौजूद रहे।