कांग्रेस सरकार की ओर से विधानसभा के फ्लोर टेस्ट में बहुमत साबित करने के बाद सरकार बहाली पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजयी जुलूस निकाला और जमकर आतिशबाजी की। फिर एक दूसरे को मिठाइयां बांटी। बृहस्पतिवार को स्थानीय झंडाचौक पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने विधानसभा में बहुमत साबित कर भाजपा के दुष्प्रचार व षड्यंत्र को पूरी तरह से असफल कर दिया है।
उन्होंने प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता का माहौल पैदा कर राष्ट्रपति शासन लगाने के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। वक्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि केंद्रीय नेताओं ने देवभूमि में आकर विधायकों व मंत्रियों की खरीद-फरोख्त कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है।
वक्ताओं ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुटता का परिचय देने की अपील करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाने की बात कही। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख सुरेश असवाल, नगर अध्यक्ष संजय मित्तल, डा. चन्द्रमोहन खर्कवाल, डा. नंद किशोर जखमोला, कृष्णा बहुगुणा, रंजना रावत, सुनीता बिष्ट, लक्ष्मण सिंह रावत, राकेश मित्तल, शंकेश्वर प्रसाद सेमवाल, विपिन चढ़ा, गीता नेगी, सरला रावत, शोभा गोयल, कुसुम असवाल, दामोदर सिंह, गोविंद सिंह, विजय मेहरा, विजय नारायण सिंह, दान सिंह, पान सिंह, श्याम सुंदर अग्रवाल, मातबर सिंह, प्रदीप नेगी, गबर सिंह, नईम अहमद, फुरकान आलम और आशिफ हुसैन मौजूद थे।