कोटद्वार। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने तकनीकी अधिकारियों के साथ कोटद्वार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। भवन निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए डीआरएम ने 31 मई तक कार्य पूर्ण करने और स्टेशन के सामने से अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन से निरंतर संपर्क बनाने के निर्देश दिए।बुधवार दोपहर दो बजे डीआरएम मुरादाबाद राजकुमार सिंह रेल ट्रैक का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए कोटद्वार रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने चारों ओर से नए भवन निर्माण की प्रगति और कलर नक्शे के माध्यम से लुक को समझा।
भवन निर्माण में अपेक्षित श्रमिकों के अभाव में धीमी गति होने पर नाराजगी जताते हुए डीआरएम ने 31 मई तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्हाेंने इस अवधि के बीच रेलवे स्टेशन के सामने से अतिक्रमण हटाने के लिए पौड़ी जिला प्रशासन और राज्य सरकार से संपर्क बनाने के लिए कहा। डीआरएम ने कहा कि शहरवासियों और पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले लोगों को रेलवे स्टेशन दूर से ही दिखाई दे।
रेलवे स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया और पानी की निकासी की बाबत पूछने पर गति शक्ति यूनिट प्रभारी सुबोध चौहान ने बताया कि बुकिंग कार्यालय के नए भवन में शिफ्ट होने, डाकखाना हटने और कुछ अतिक्रमण हटने के बाद सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग की जगह दिखाई देगी। पानी की निकासी के लिए फिलहाल रेल ट्रैक की पुरानी पुलिया से व्यवस्था है। इसके बाद दूसरे चरण में इस पर काम किया जाना है। डीआरएम ने द्वितीय चरण में ड्रेनेज के साथ साथ फुट ओवरब्रिज पर भी काम करने के निर्देश दिए।
गजरौला से वाया बिजनौर, नजीबाबाद कोटद्वार तक मेमो ट्रेन चलाने की चर्चाओं के संबंध में डीआरएम ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई प्लान नहीं है। नजीबाबाद-कोटद्वार के बीच यात्रियों की संख्या काफी कम है। फिर भी इस पर विचार करेंगे। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल अभियंता कोऑर्डिनेशन, टेलीकॉम, विद्युत कर्षण के अलावा एसएस मनोज रावत आदि उपस्थित रहे।