अनलॉक-5 में केंद्र सरकार की ओर से जारी नई गाइडलाइन के बाद नगर की तीनों प्रमुख रामलीला कमेटियां मंचन की तैयारियों में जुट गई हैं। श्री बाल रामलीला कमेटी सिद्धबली मार्ग और गढ़ श्री बाल रामलीला कमेटी आमपड़ाव जौनपुर 15 अक्तूबर से रामलीला का मंचन करेंगी, जबकि श्री रामलीला कमेटी मालवीय उद्यान की रामलीला का मंचन 16 अक्तूबर से होगा।
श्री बाल रामलीला कमेटी सिद्धबली मार्ग के अध्यक्ष ज्ञान सिंह नेगी और सचिव नितिन कुमार गुप्ता ने बताया कि रामलीला मंचन का शुभारंभ मेयर हेमलता नेगी और पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी करेंगे। गढ़ श्री बाल रामलीला कमेटी जौनपुर आमपड़ाव के अध्यक्ष ओमप्रकाश बलूनी और उपाध्यक्ष आशाराम ने बताया कि रामलीला का मंचन 15 अक्तूबर से किया जाएगा।
उधर, श्री रामलीला कमेटी मालवीय उद्यान के अध्यक्ष विवेक अग्रवाल और महामंत्री धर्मवीर गुसाईं ने बताया कि रामलीला का मंचन 16 अक्तूबर से किया जाएगा। रामलीला मंचन के दौरान 200 लोगों के लिए उचित दूरी बनाकर कुर्सी लगाकर व जमीन पर दूरी बनाकर बैठने की व्यवस्था की जाएगी। एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से जारी नई गाइड लाइन के तहत रामलीला कमेटियों को रामलीला मंचन की अनुमति प्रदान की गई है। कमेटियों को कोविड गाइड लाइन और सोशल डिस्टेंस नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
लैंसडौन में नहीं होगा रामलीला मंचन
लैंसडौन। छावनी क्षेत्र में इस वर्ष कोरोना संक्रमण को देखते हुए दस दिवसीय रामलीला का मंचन नहीं होगा। रामलीला आयोजन समिति की बैठक में इसका निर्णय लिया गया। नगर में इस बार 118वीं रामलीला का मंचन किया जाना था।
नरेंद्र क्लब में समिति के अध्यक्ष डॉ. एसपी नैथानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से सभी सदस्यों ने कहा कि कोरोना संकट के कारण आयोजन को टालना जरूरी है। बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 अक्तूबर को नवरात्र के प्रथम दिन मुख्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में नरेंद्र क्लब में कोविड-19 के नियमों के तहत पूजा अर्चना की जाएगी। दशहरे के दिन भी पूजा कर प्रसाद वितरित किया जाएगा। बैठक में उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, निर्देशक प्रेम थापा, प्रशांत थापा मौजूद रहे। संवाद