भाबर में मकर संक्रांति गेंद मेला समिति किशनपुर की ओर से दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ आगाज हो गया। समिति द्वारा आयोजित खेल प्रतियोगिता के फुटबाल के सेमीफाइनल में केएफसी और झंडीचौड़ क्लब ने मैच जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
सोमवार को आयोजित फुटबाल के सेमीफाइनल मैचों का शुुुुभारंभ महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रंजना रावत ने किया। पहला मैच केएफसी किशनपुर और झंडीचौड़ क्लब के मध्य खेला गया। केएफसी ने शानदार प्रदर्शन कर 5-0 से मैच अपने नाम कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में झंडीचौड़ क्लब ने मोटाढांक का 3-0 से रौंद कर फाइनल में प्रवेश किया। कमेंटेटर की भूमिका गौरव शर्मा व अभिषेक नेगी ने निभाई।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ नगर निगम मेयर हेमलता नेगी, पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी और पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में स्थानीय स्कूली बच्चों ने अब लगलू मंडाण, तेरी खुटियूं मां, फूल फूलयो यारा, छकना बांद देश रंगीला, आ लेके चलूं तुझको, रानीखेता राम डोला, चुनरी जयपुर से मंगवा दे, गजमन पाणी, महाकाली नृत्य, मेरो लंहगा पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर योग प्रशिक्षिका प्रिसंका कंडवाल के नेतृत्व में भारत स्वाभिमान के नन्हें-मुन्हें योगार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम में कांग्रेस कमेटी की जिला सचिव हर्षिता रावत, विकास कुकरेती, राकेश मोहन धूलिया, युवराज पटवाल, गौरव कुकरेती, राकेश ध्यानी, गणेश धूलिया, सौरभ केष्टवाल, अनुसुया पांडे, डीसी जोशी, जयप्रकाश कोटनाला मौजूद रहे।