नागरिक मंच की ओर से आयोजित बैठक में कोटद्वार क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए चिंतन करते हुए सामूहिक प्रयास तेज करने पर जोर दिया गया। बैठक में डीडीए की जटिलताओं से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए मानकों में सरलता लाने की मांग सरकार से की। तय किया गया कि इस मुद्दे को लेकर जल्द एक प्रतिनिधिमंडल डीडीए के अध्यक्ष गढ़वाल कमिश्नर से मुलाकात करेगा।
एक होटल में आयोजित विभिन्न संगठनों की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) की जटिलताओं पर चर्चा की। कहा कि डीडीए की जटिलताओं से आम जनता परेशान है। लोग मानचित्र पास कराने के लिए अनावश्यक रूप से चक्कर काट रहे हैं। सदस्यों ने शहर की यातायात व्यवस्था के लिए बाईपास निर्माण, कूड़ा निस्तारण के लिए ट्रंचिंग ग्राउंड, सीवरेज व्यवस्था, मोटर नगर में अधूरे पड़े बस अड्डे का निर्माण, वन कानून में फंसी सड़कें और बुनियादी सुविधाएं, केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया। तय किया गया कि अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए एक प्रतिनिधिमंडल विधायक डा. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में सीएम से राजधानी में मुलाकात करेगा। बैठक की अध्यक्षता नागरिक मंच के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश नैथानी और संचालन महामंत्री डबल सिंह रावत ने किया। बैठक में व्यापार सभा के सचिव लाजपतराय भाटिया, भारत विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष सेवकराम मानूजा, वैश्य अग्रवाल सभा के अध्यक्ष एडवोकेट शरत गुप्ता, वरिष्ठ नागरिक संगठन से विनोद कुकरेती, पूर्व सैनिक सेवा परिषद से कै. सीपी डोबरियाल, जीएमओयू के अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल, होटल व्यवसायी मुकेश मल्होत्रा, भाजपा नेता गोविंद लड्डा, चंद्रमोहन जसोला, विजय माहेश्वरी, रोटरी क्लब के अध्यक्ष धनेश अग्रवाल व संजीव गुप्ता समेत कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।