पोखड़ा ब्लाक के सतपुली-बैजरो मोटर मार्ग पर मेलगांव के पास हुई कार दुर्घटना मटगल गांव के तीन परिवारों को जीवनभर का गम दे गई। गांव में मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
ग्रामीण बताते हैं कि प्रीतम सिंह ने प्रधान बनने के बाद विकास खंड आने जाने के लिए नई कार खरीदी थी। इसी कार से वह आना जाना करते थे। मंगलवार रात को हुई कार दुर्घटना में गांव के तीन लोगों की मौत से पूरा गांव शोक संतप्त है। मंगलवार रात और बुधवार दोपहर में मटगल गांव ही नहीं, बल्कि निकटवर्ती गांव बगड़ीगाड, सकनोली और नौगांव में भी कई घरों में चूल्हे नहीं जले। उनके निधन पर पोखड़ा की ब्लाक प्रमुख प्रीति देवी, जिला पंचायत सदस्य पोखड़ा हेमलता रावत, ग्राम प्रधान शैलेश राजपाल रावत ने शोक जताया।