कोटद्वार। कोटद्वार नगर और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यालयों में शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन बाल दिवस के रूप में धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद और विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल देवी रोड में बाल दिवस के साथ श्री महंत इंदिरेश चरण दास महाराज का जन्मोत्सव भी मनाया गया। प्रधानाचार्या अनुसूया वर्मा ने महाराज के शिक्षा के क्षेत्र में योगदान की जानकारी दी। बताया कि उन्होंने उत्तर भारत में 130 से अधिक शिक्षण संस्थानों की नींव रखी।
डीएवी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों ने वायलिन वादन, गढ़वाली समूहगान, नृत्य और योग की प्रस्तुति दी। बॉल ड्रिल, डंबल ड्रिल और पिरामिड प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहे। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल लालपानी में प्रधानाचार्य डॉ. गिरीश उनियाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन की स्थापना 14 नवंबर 1952 को हुई थी। इस अवसर पर शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
शिक्षा निदेशिका सिंधु कोठारी, प्रशासनिक निदेशक विपिन जदली और प्रधानाचार्य सुनीता नैथानी ने नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। शिवम सिंह रावत, आन्वी और रितिक रावत सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। डॉ. अंबिका प्रसाद ध्यानी ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा, संरक्षण और अवसर उपलब्ध कराना ही बाल दिवस की सार्थकता है।