पासपोर्ट आफिस में कंप्यूटर व वाईफाई लगाने का कार्य हुआ शुरू, जल्द होगा उद्घाटन
कोटद्वार। तहसील परिसर में पासपोर्ट कार्यालय के जल्द उद्घाटन की उम्मीद जग गई है। पासपोर्ट कार्यालय में फर्नीचर के साथ ही कंप्यूटर व वाईफाई की सुविधा जुटाई जा रही है। सोमवार को उत्तराखंड की चीफ पोस्टमास्टर जनरल शशि शालिनी कुजूर ने पासपोर्ट कार्यालय का निरीक्षण किया।
गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में नगर में पासपोर्ट कार्यालय नहीं होने के कारण यहां के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए देहरादून की दौड़ लगानी पड़ रही थी। पिछले साल नगर निगम चुनाव के दौरान कोटद्वार गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कोटद्वार में पासपोर्ट ऑफिस खोलने की घोषणा की थी। इसके बाद तहसील में पासपोर्ट कार्यालय खोलने की कवायद शुरू हुई।
तहसील में सब रजिस्ट्रार कार्यालय के पुराने भवन को पासपोर्ट कार्यालय के लिए चिह्नित किया गया। पिछले साल मार्च में केंद्र सरकार से पासपोर्ट कार्यालय की स्वीकृति मिलने के बाद सांसद बलूनी ने कार्यालय भवन के जीर्णोद्धार व अन्य संसाधन जुटाने के लिए सांसद निधि से 12 लाख की धनराशि उपलब्ध कराई। कार्यालय भवन के जीर्णोद्धार व संसाधन जुटाने का जिम्मा डाक विभाग को सौंपा गया है।
सोमवार को चीफ पोस्टमास्टर जनरल शशि शालिनी कुजूर ने कोटद्वार में पासपोर्ट कार्यालय का निरीक्षण किया। वर्तमान में पासपोर्ट कार्यालय में फर्नीचर के साथ ही कंप्यूटर लगाने के साथ ही वाईफाई की सुविधा भी जुटाई जा रही है। निरीक्षण के दौरान डाक अधीक्षक दीपक शर्मा, सहायक डाक अधीक्षक अनूप सजवाण भी मौजूद रहे।