दुगड्डा ब्लाक के मुरान्यू गांव में आयोजित रात्रि चौपाल में वर्चुअल माध्यम से ग्रामीणों से संवाद
- फोटो : KOTDWAR
दुगड्डा ब्लाक के अंतर्गत राजस्व ग्राम मुरान्यूं में मुख्यमंत्री त्वरित समाधान योजना के तहत वर्चुअल चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने सीडीओ आशीष भटर्गाइं को निर्देश दिए कि किसी भी समस्या का समाधान शासन स्तर पर 75 दिन व जिला स्तर पर एक माह में जरूर करें।
ग्राम पंचायत मुरान्यूं में आयोजित वर्चुअल चौपाल में ब्लाक प्रमुख रुचि कैंत्यूरा ने सीएम को ब्लाक मुख्यालय साझासैंण में संचार की समस्या बताते हुए यहां मोबाइल टावर स्थापित करने की मांग की, जिस पर मुख्यमंत्री ने मोबाइल कंपनी से वार्ता कर यहां टावर लगाने का आश्वासन दिया। ज्येष्ठ उप प्रमुख अजयपाल रावत ने सीला से फुलणसैंण तक 3 किमी. कच्चे मार्ग के चौड़ीकरण, डामरीकरण व धोबीघाट से प्राथमिक विद्यालय सीला तक मार्ग निर्माण की मांग की। ग्राम प्रधान रेखा रावत ने जीआईसी धोबीघाट में अतिरिक्त कक्षा कक्ष निर्माण व ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। ज्योति बिष्ट ने अस्पताल में गर्भवती के लिए महिला चिकित्सक की तैनाती न होने की समस्या बताई जिस पर मुख्यमंत्री ने लैंसडौन में महिला चिकित्सक की शीघ्र तैनाती करने का आश्वासन देने के साथ ही सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन किया। सीएम त्वरित समाधान योजना के प्रदेश प्रभारी अविनाश सेमवाल ने बताया कि त्वरित समाधान योजना का उद्देश्य छोटी समस्याओं का समाधान मौके पर ही करना इस मौके पर बीडीओ जयेंद्र भारद्वाज, डीपीआरओ एमएम खान, डीडीओ वेदप्रकाश, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनीता अरोड़ा, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा, एडीओ पंचायत ज्योतिष चंदोला, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी धर्मेंद्र चौहान, अशोक भंडारी, हर्ष जोशी और हुसैन अली मौजूद रहे।