भाबर क्षेत्र के अंतर्गत दुर्गापुरी निवासी एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने फ्लैट खरीदने के नाम पर एक लाख चौरासी हजार पांच रुपये ठग लिए। पीड़ित ने साइबर सेल से शिकायत कर उसे उसके पैसे वापस दिलाने की मांग की।
धंवतरी जन स्वास्थ्य सेवा समिति, दुर्गापुरी के सचिव भूपेंद्र शर्मा ने साइबर सेल को सौंपे शिकायती पत्र में कहा कि उसकी फेसबुक के माध्यम से नताशा जैक्सन नाम की एक युवती से बात हुई। युवती ने कहा कि वह इंडिया में आकर कारोबार करना चाहती है और फ्लैट खरीदने के लिए 25 लाख रुपये तक खर्च करने को तैयार है। युवती ने पैसे भेजने की बात कहते हुए उनसे पता हासिल किया। युवती ने फोन कर जानकारी दी कि उसने पार्सल भेज दिया है, जो दिल्ली के कस्टम विभाग के पास है। इसके बाद एजेंट ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि उनका पार्सल आ चुका है। एजेंट ने उन्हें जितेंद्र सिंह नाम के व्यक्ति के दिल्ली के पीएनबी के खाते में 35,500 रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा, जिस पर उन्होंने उक्त धनराशि इस खाते में भेज दिए। इसके बाद एजेंट ने कहा कि केंद्र सरकार में पंजीकरण कराना होगा और इसके लिए एक लाख 49 हजार रुपये देने होंगे। भूपेंद्र ने पैसे की व्यवस्था कर उक्त धनराशि उसके खाते में ट्रांसफर कर दी और उन्हें वित्त मंत्रालय केंद्र सरकार की एक रसीद भी भेज दी। हैकर ने उनसे 6 लाख 70 हजार रुपये और भेजने की बात कही। शक होने पर उन्होंने पड़ताल की तो पता चला कि उनके नाम पर कस्टम विभाग में न तो कोई पार्सल है और न ही फ्लैट खरीदने की योजना है। उन्होंने साइबर सेल से उन्हें उनका पैसा वापस दिलाने की मांग की।