सतपुली। रीठाखाल के पास गत दो जुलाई को हुई बस दुर्घटना में वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमा इस हादसे का शिकार बनी किशोरी निहारिका के पिता परवेंद्र कुमार निवासी कोटद्वार की ओर से दर्ज कराई गई है। इस हादसे ने तीन लोगों की जान ली थी और 21 घायल लोग अब भी कई अस्पतालों में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। उधर, इस हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच कर रही लैंसडौन की एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल ने बताया कि हादसे के बारे में लिखित और मौखिक साक्ष्य उनके लैंसडौन कार्यालय में एक पखवाड़े के भीतर दे सकते हैं।
सतपुली तहसील क्षेत्र के राजस्व उपनिरीक्षक डबल सिंह रावत ने बताया कि हादसे के पांचवें दिन शनिवार को इस मामले में मिली तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, गंभीर चोट पहुंचने, लापरवाही से वाहन चलाने से मृत्युकारित होने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। बताया कि बस हादसे में घायलों, स्थानीय ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए गए हैं। एफआईआर दर्ज होते ही मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले की मजिस्ट्रेटी जांच भी एसडीएम लैंसडौन कर रहे हैं।