समस्याओं के निराकरण के लिए विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
कोटद्वार। नागरिक मंच की मासिक बैठक व्यापार मंडल सभागार में अध्यक्ष चंद्रप्रकाश नैथानी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शहर की शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और विकास से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान की मांग उठाई गई।
सोमवार को हुई बैठक में कोटद्वार से दिल्ली के लिए वातानुकूलित बस सेवा दोबारा शुरू करने और शाम चार से पांच बजे के बीच बस सेवा संचालित करने की मांग की गई। इसके अलावा कोटद्वार-पौखाल-भंवासी-ऋषिकेश होते हुए देहरादून तक रोडवेज बस चलाने की मांग सहायक प्रबंधक अनुराग पुरोहित के समक्ष रखी।
वहीं, बैठक में राजकीय बेस अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति नहीं होने का मुद्दा उठाया गया। नागरिक मंच के सदस्यों ने जोर देते हुए कहा कि हृदयाघात से पीड़ित मरीजों को रेफर करने के दौरान रास्ते में जान का खतरा बना रहता है। महासचिव अतुल भट्ट के संचालन में आयोजित बैठक में शंकर दत्त गौड़, केसीराम निराला, चित्रमणि देवलियाल, मयस्सर बलूनी, गोविंद डंडरियाल, देवव्रत काला, हर्षवर्धन ध्यानी, राकेश लखेड़ा, इंद्रमणि देवरानी, राजेंद्र पंत, सत्यनारायण नौटियाल, सूर्य नारायण पांडे, भारत मोहन काला, सुदीप बौंठियाल सहित कई सदस्य मौजूद रहे।