लैंसडौन/जयहरीखाल। लैंसडौन-जयहरीखाल मार्ग पर बृहस्पतिवार देर शाम एक कार के 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार कार चालक पूर्व सैनिक हरेंद्र असवाल (48) पुत्र मेहरबान सिंह असवाल की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी किरण असवाल घायल हो गईं। हादसा झारापानी से एक किमी आगे कूरा बैंड के पास हुआ। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से खाई से कार निकाला और लैंसडौन कैंट चिकित्सालय पहुंचाया।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद अकरम ने बताया कि हरेंद्र सिंह जयहरीखाल के ग्राम लिंगवाना के निवासी थे। वे कार से सायं 6:30 बजे पत्नी किरण असवाल के साथ भैरवगढ़ी मंदिर से अपने गांव लिंगवाणा गए थे। वहां से वे लैंसडौन स्थित अपने आवास पर लौट रहे थे। अचानक कार अनियंत्रित होकर कूरा बैंड पर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि कोहरा होने के कारण कार मोड़ते समय हादसा हुआ। पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर कैंट अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान कार चालक हरेंद्र असवाल की मौत हो गई। जबकि पत्नी किरण को चोट आई है। हादसे के वक्त कार में पति-पत्नी ही थे। हरेंद्र सेना से सेवानिवृत्ति के बाद लैंसडौन में आर्मी कैंटीन में कार्यरत थे। सूचना मिलते ही ब्लॉक प्रमुख दीपक भंडारी, उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य भी मौके पर पहुंचे गए। मृतक का पंचनामा व पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।