लैंसडौन/कोटद्वार। लैंसडौन से देहरादून के लिए कोटद्वार डिपो की सुबह बस सेवा शुरू हो गई है। कोटद्वार डिपो ने सेवा को वर्ष 2005 में बंद कर दिया था। 20 वर्षों बाद बस सेवा शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
स्थानीय खेमचंद्र बौंठियाल, समाजसेवी योगेश शाह, लता खंडेलवाल, राजेश्वर गुप्ता ने लैंसडौन से देहरादून तक के लिए प्रातःकालीन बस सेवा के संचालन पर खुशी जताते हुए कहा कि लैंसडौन से देहरादून के लिए सीधी बस शुरू होने से हरिद्वार, देहरादून के अलावा कोटद्वार से मिलने वाली गुरुग्राम, फरीदाबाद, जयपुर, अमृतसर आदि दूरस्थ क्षेत्रों की बसें उन्हें उपलब्ध हो जाएंगी। लोगों का कहना है कि हालांकि लैंसडौन से देहरादून के लिए देहरादून डिपो की बस सेवा का दो वर्षों से संचालन जारी है, लेकिन प्रातःकालीन सेवा का अभाव था।
लोगों को कोटद्वार तक जाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा था।वहीं, कोटद्वार डिपो के एआरएम अनुराग पुरोहित ने बताया कि लैंसडौन क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा से जोड़े जाने के लिए कोटद्वार डिपो ने लैंसडौन से देहरादून तक के लिए प्रातःकालीन बस सेवा शुरू की है। लैंसडौन से यह बस प्रात: 7 बजे चल कर 11:30 बजे आईएसबीटी, देहरादून पहुंचेगी। दोपहर 12:00 बजे यह बस देहरादून आईएसबीटी से चलकर शाम 4 बजे कोटद्वार पहुंचेगी। यहीं रात को रुककर कोटद्वार से यह बस लैंसडौन के लिए तड़के 4:30 बजे चलकर प्रातः 6 बजे लैंसडौन पहुंचेगी।