कोटद्वार। श्री रामलीला कमेटी कुंभीचौड़ की ओर से सनेह क्षेत्र के कुंभीचौड़ चौराहे पर आयोजित रामलीला में शुक्रवार रात हनुमान के लंका प्रवेश से लेकर लंका दहन तक की लीला का भव्य मंचन किया गया।
मंचन के दौरान हनुमान के लंका पहुंचने, अशोक वाटिका उजाड़ने, रावण के दरबार में पहुंचने और अंत में लंका को अग्नि के हवाले करने के दृश्यों का सजीव चित्रण किया गया। कलाकारों के शानदार अभिनय और प्रभावशाली मंचन पर दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाकर उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में मेयर शैलेंद्र सिंह रावत और जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष शांता बमराड़ा और कामना कीर्तन मंडली की अध्यक्ष सोनम भट्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कामना कीर्तन मंडली के सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने पर क्षेत्रवासियों का आभार जताया। इस दौरान जगमोहन रावत, दीपक नौटियाल, गणेश रावत, गजेंद्र बिष्ट, सतीश चंद्र और अरुण बहुगुणा मौजूद रहे। संवाद