कण्वघाटी/कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के वार्ड-33 लछमपुर में चोरों ने एक घर से 15 हजार की नकदी और सोने के जेवर उड़ा लिए। मकान मालिक ने कलालघाटी पुलिस को चोरी की घटना की सूचना दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घटना के वक्त घर के सभी लोग रामलीला देखने कलालघाटी गए हुए थे।
लछमपुर निवासी गृह स्वामिनी विनीता देवी ने बताया कि मंगलवार देर रात उनका पूरा परिवार कलालघाटी में हो रही रामलीला देखने के लिए गया हुआ था। रामलीला देखने के बाद करीब डेढ़ बजे घर लौटने पर उन्हें घर का मुख्य द्वार खुला मिला। घर के भीतर जाने पर उन्हें तिजोरी भी खुली मिली। घर से 15 हजार की नकदी और सोने के जेवर भी लापता मिले। विनीता देेवी ने बताया कि वह चाबी खोने के डर से घर के आंगन में ही छिपाकर रामलीला देखने गई थीं। शायद किसी ने रेकी कर घर के ताले तोड़ दिए। पीड़िता की ओर से कलालघाटी पुलिस को मामले की सूचना दी गई है। एसआई संदीप शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।