रिखणीखाल ब्लाक के अंतर्गत कर्तिया पैनो क्षेत्र में भारी बारिश से द्वारी-भौन मोटर मार्ग का करीब आधा किलोमीटर हिस्सा बह गया है जिससे क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गांवों का सड़क संपर्क पूूरी तरह ठप है। लोगों के लिए गांव तक पहुंचने के लिए पैदल मार्ग भी नहीं बचा है। कई स्थानों पर पहाड़ी दरकने से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
लगातार हो रही भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। रिखणीखाल ब्लाक में बारिश से द्वारी-भौन मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त होने से गाड़ियोपुल, कुरियाली, भौन, सिद्धपुर, चैनपुर, तोलियोडांडा आदि गांवों का सड़क संपर्क कट गया है। कई जगह पुश्ते दरक रहे हैं और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
सड़क संपर्क ठप हो जाने से इन गांवों में खाद्य सामग्री, केरोसिन, घरेलू गैस आदि जरूरी सामान नहीं पहुंच रहा है। दरकती सड़क से द्वारी गांव में ज्ञान सिंह का आवासीय भवन खतरे की जद में है। सड़क का पुश्ता और पहाड़ी दरकने से मलबा खेतों में आ रहा है जिससे फसलें दबकर चौपट हो गई हैं।
जिला पंचायत सदस्य मीना देेवी और धीरज कुमार ने बताया कि वाहनों की आवाजाही पिछले एक माह से बंद है, अब पैदल रास्ता भी नहीं बचा है। यही हाल कराली-सतगरिया मोटर मार्ग का है। इसकी सूचना पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को दी गई है लेकिन अभी तक सड़क को नहीं खोला जा सका है।