कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के खूनीबड़ क्षेत्र में एक विशेष परिवार की भवन स्वामिनी की ओर से अपने घर के ऊपर गुंबद बनाने के मामले में कोतवाली पुलिस को उनके घर में हंगामा करने वाले स्थानीय जनप्रतिनिधि के खिलाफ तहरीर दी गई है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
खूनीबड़ निवासी हसीना बेगम पत्नी तैय्यब अली ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि वह छह साल से खूनीबड़ में रह रही हैं। वर्तमान में उनके ऊपरी मंजिल में भवन निर्माण का कार्य चल रहा है। निचले हिस्से में वह परिवार समेत रहते हैं। कहा कि शनिवार को एक स्थानीय जनप्रतिनिधि कुछ महिलाओं को लेकर उनके घर आए और उनके साथ गाली-गलौच की। कहा कि विरोध करने पर आरोपी ने बुल्डोजर से भवन को तोड़ने की धमकी दी। परिजनों द्वारा भवन निर्माण कराने की बात बताने के बाद भी आरोपी नहीं माना और उनके पुत्र को जान से मारने की धमकी दी। कहा कि उनके पति सीआरपीएफ में छत्तीसगढ़ में तैनात हैं और पुत्र सलीक अहमद पैरा कमांडो में शिलांग में तैनात है। वह भवन में अकेली रहती हैं। कहा कि उक्त जनप्रतिनिधि पहले भी उन्हें धमका चुका है। उन्होंने आरोपी जनप्रतिनिधि के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसआई विनोद कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है, जांच की जा रही है। संवाद