बिजली आपूर्ति बाधित होने पर हो रहे नेटवर्क गायब, बोर्ड परीक्षार्थी परेशान, कामकाज प्रभावित
कोटद्वार। दुगड्डा ब्लॉक के अंतर्गत देवीखाल बाजार में लगे बीएसएनएल टावर की बैटरी नौ माह बाद भी नहीं बदली गई। स्थिति यह है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर टावर का संचालन बंद हो रहा है जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नेटवर्क न होने से बोर्ड परीक्षा की तैयारियों में जुटे बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
ग्रामीण पंकज बौंठियाल, हरीश शर्मा, शैलेंद्र सिंह, प्रवीन कुमार आदि ने बताया कि बीएसएनएल की ओर से क्षेत्र में बेहतर संचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूर्व में बीएसएनएल टावर लगाया गया था। नौ माह पूर्व टावर के इनवर्टर की बैटरी खराब हो गई थी जिसे अभी तक नहीं बदला गया है।
स्थिति यह है कि बिजली आपूर्ति बाधित होते ही नेटवर्क गायब हो रहे हैं। वर्तमान में उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं चल रही है। नेटवर्क की दिक्कत होने के कारण बच्चों को परीक्षा की तैयारी में परेशानी हो रही है। बाजार में पोस्ट आफिस, बैंक आदि भी हैं। नेटवर्क की दिक्कत के कारण वहां भी कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने बीएसएनएल के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया। साथ ही पीएमओ पोर्टल में भी शिकायत की लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने जल्द बैटरी बदलने की मांग उठाई है।
मोबाइल टावरों की बैटरियां बदलने के लिए डिमांड भेजी गई थी। कई टावरों के लिए बैटरियां आ चुकी हैं। स्टेटस चेक करने के बाद ही पता चल पाएगा कि उक्त टावर के लिए बैटरी आई है अथवा नहीं। यदि नहीं आई तो बैटरी के लिए डिमांड बनाकर भेजी जाएगी।
- हरप्रीत सिंह, एजीएम बीएसएनएल श्रीनगर गढ़वाल।