पहाड़ी से मलबा आने के कारण घंटों वाहनों की लाइनें लगी रहीं।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
पहाड़ों में लगातार हो रही भारी बारिश लोगों की परेशानियां बढ़ा रही है। दुगड्डा, द्वारीखाल, नैनीडांडा, रिखणीखाल, जयहरीखाल और यमकेश्वर विकासखंडों की 26 सड़कें अब भी पूरी तरह से बंद हैं। ऐसे में लोगों को खाद्य सामग्री और रसोई गैस लाने के लिए सड़क खुलने का इंतजार है।
लोनिवि के प्रांतीय खंड दुगड्डा की सात सड़कें अब भी यातायात के लिए नहीं खोली जा सकी हैं। पौखाल-सिमलना-कण्वाश्रम मोटर मार्ग, पौखाल मांडई, बिलकोट बैंड से मैहलीगांव मार्ग, सेंधीखाल-फुल्लरसैंण-शीला-चुंडई मार्ग और डाडामंडी-जमैला मोटर मार्ग पर कई स्थानों पर मलबा पड़ा हुआ है।
यहां सफर करना खतरे से खाली नहीं
दुगड्डा-लक्ष्मणझूला राज्य राजमार्ग पर भी कई स्थानों पर पहाड़ी दरकने से मलबा आ रहा है। इस पर सफर करना खतरे से खाली नहीं है। लोनिवि लैंसडौन की छह, पीएमजीएसवाई कोटद्वार स्थित सतपुली की छह, पीएमजीएसवाई सिंचाई की आठ सप्ताह भर से बंद हैं। लगातार हो रही बारिश ने इन मार्गों को खोलने में विभाग के पसीने छूट रहे हैं।
कई गांवों का संपर्क टूटा
कई गांवों का यातायात संपर्क पूरी तरह से ठप है। लोग पैदल सफर करने को मजबूर हैं। वाहनों की आवाजाही बंद होने से गांवों में रसोई गैस और खाद्य सामग्री का संकट गहराने लगा है। भाजपा दुगड्डा के मंडल अध्यक्ष चंडी प्रसाद कुकरेती ने बताया कि यह सड़कें एक सप्ताह से बंद है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।