भाजपा समर्थित पार्षदों ने मेयर हेमलता नेगी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने मेयर पर उनके साथ हर कार्य में भेदभाव का आरोप लगाया। भाजपा पार्षदों ने 25 फरवरी को मेयर की ओर से प्रस्तावित बोर्ड बैठक पर भी आपत्ति जताई है।
बुधवार को नगर निगम के भाजपा पार्षद कुलदीप सिंह रावत की अगुवाई में पार्षद लीला कर्णवाल, गायत्री भट्ट, जयदीप नौटियाल, रितु चमोली, नीरूबाला खंतवाल, दीपक लखेड़ा, ज्योति सिंह और कमल सिंह नेगी ने नगर आयुक्त और एसडीएम योगेश मेहरा से मुलाकात की। पार्षदों ने नगर आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें मेयर पर उनके साथ भेदभाव का आरोप लगाया गया। कहा गया कि शासन की ओर से अतिक्रमण के मामले पर मेयर को नोटिस दिया गया है। अतिक्रमण मसले पर शासन की ओर से चल रही कार्रवाई के बीच नगर निगम की बैठक बुलाने का कोई औचित्य नहीं है। पार्षदों ने कहा कि गत वर्ष जून माह में कुछ कर्मचारियों और प्रतिनिधियों ने रात के समय नगर निगम के दफ्तर में कंप्यूटर सिस्टम खंगालकर अभिलेखों से छेड़छाड़ कर मामले को दबा दिया गया है। उन्होंने नगर निगम में मिली दो हजार एलईडी लाइटों के वितरण और वार्डों में सफाई कर्मियों को नियुक्त करने में भेदभाव का आरोप लगाया। पार्षदों ने नगर निगम में आउट सोर्स के टेंडरों को अवैध बताते हुए निरस्त करने की मांग की है।