द्वारीखाल ब्लाक का बिस्ताना गांव स्वजल की नड्डा-झटरी पेयजल योजना से जुड़ेगा। ग्रामीणों की मांग पर जिलाधिकारी डीएस गर्ब्याल ने स्वजल के अधिकारियों को निर्देश दिए। डीएम ने रिवर्स पलायन की दिशा में ग्रामीणों की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
यमकेश्वर से द्वारीखाल ब्लाक के भ्रमण पर आए डीएम पौड़ी डीएस गर्ब्याल ने बिस्ताना गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। इस मौके पर गांव की जय सिद्धबाबा मित्र मंडली की ओर से जिलाधिकारी का गांव पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। डीएम ने कहा कि पलायन उत्तराखंड की सबसे बड़ी समस्या है। प्रवासी लोग जब तक अपने गांव की सुध नहीं लेंगे, तब तक गांवों की स्थिति सुधरने की संभावना कम ही रहेगी। इस दौरान ग्राम प्रधान रोशन सिंह ने डीएम को बताया कि नड्डा-झटरी स्वजल योजना का प्रारंभिक सर्वे हो चुका है। बिस्ताना को भी इस योजना से जोड़ा जा सकता है। इस पर डीएम ने फोन पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को बिस्ताना गांव को उक्त योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। इस मौके पर सोमदत्त नैथानी, बृजमोहन नैथानी, अनूप नैथानी, अनूप देवरानी, दिवाकर दत्त नैथानी, सुशील, जगदीश प्रसाद, विमल, वेलमानंद आदि मौजूद रहे।