लैंसडौन। वन्यजीवों एवं प्रकृति के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता और संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडौन में वन्य प्राणी सप्ताह के तहत बर्ड वाचिंग एवं प्रकृति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कालागढ़ टाइगर रिजर्व की एसडीओ शिप्रा वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में पक्षी विशेषज्ञ राजीव बिष्ट ने विद्यार्थियों को स्थानीय पक्षी प्रजातियों, उनके व्यवहार और पारिस्थितिकी तंत्र में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। विद्यालय परिसर से सेंट मेरीज चर्च और भुल्ला ताल तक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने प्राकृतिक परिवेश और पक्षियों की गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
प्रधानाचार्य विजेंद्र दत्त सुंद्रियाल ने कालागढ़ टाइगर रिजर्व की टीम का आभार जताते हुए कहा कि प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में 41 विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। संवाद