कोटद्वार। छात्राओं से मोबाइल छीनकर भागने के मामले में पुलिस ने दो अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
कोतवाल मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार को बाइक सवार दो लोग दो छात्राओं के मोबाइल छीनकर भाग गए थे। मामले में पोखरी यमकेश्वर निवासी अभिषेक सिंह और शवपुर निवासी सुस्मिता अमोला ने तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि छात्राएं कॉलेज से घर लौट रही थीं तभी बाइक सवार दो युवक उनके पास आए और कहा कि उनके मोबाइल की बैटरी डाउन हो गई है। अर्जेंट कॉल करने के लिए उन्होंने छात्राओं से मोबाइल मांगा। उन्होंने जरूरतमंद समझकर उन्हें अपना मोबाइल दे दिया और मौका मिलते ही बाइक सवार दोनों युवक मोबाइल लेकर भाग गए। कोतवाल मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। संवाद