लैंसडौन। जयहरीखाल-लैंसडौन मार्ग पर झारा पानी के पास एक ग्रामीण भालू का शिकार होने से बाल-बाल बचा। भालू ने इसे करीब 100 मीटर तक दौड़ाया। इससे पहले कि भालू ग्रामीण पर हमला करता, जयहरीखाल की ओर से एक यात्री वाहन आने पर भालू सड़क की ओर पहाड़ी पर चढ़ गया। तब ग्रामीण की जान बच सकी। यात्री वाहन में बैठकर ग्रामीण लैंसडौन तक पहुंचा।ग्राम पटगुणी फरसूला निवासी जयप्रकाश (45) जयहरीखाल में किसी ठेकेदार के पास काम करता है। शनिवार शाम करीब चार बजे वह रोजाना की तरह काम खत्म करने के बाद लैंसडौन की ओर पैदल आ रहा था। कुछ ही देर बाद झारा पानी मोड़ पर अचानक बीच सड़क पर भालू आ गया। भालू जयप्रकाश का पीछा करने लगा। भालू को अपनी ओर दौड़ते देख जयप्रकाश ने भागना शुरू कर दिया। भालू लगातार उसका पीछा करता रहा। भालू करीब 100 मीटर तक जयप्रकाश के पीछे दौड़ा। इसी बीच जयहरीखाल की ओर से एक यात्री वाहन मौके पर पहुंच गया। वाहन आने पर भालू पहाड़ी पर चढ़ गया। भालू से बमुश्किल बचा जयप्रकाश मैक्स वाहन में सवार हो गया और राहत की सांस ली।
.
इसी जगह धाविका के पीछे दौड़ा था भालू
करीब आठ वर्ष पहले लैंसडौन से पैदल जयहरीखाल की ओर आ रही जयहरीखाल निवासी 18 वर्षीय एथलीट/धाविका निशा राणा का इसी जगह पर पीछा भालू ने पीछा किया था। तब काफी दूर तक दौड़ने के बाद भी जब भालू ने पीछा नहीं छोड़ा था, तब निशा राणा ने जान बचाने के लिए पहाड़ी से सड़क पर कूदकर जान बचाई थी। तब पांव में चोट लगने से धाविका का कॅरिअर दांव पर लग गया था।