राठ क्षेत्र के कलगडी मल्ली गांव में मौसमी बीमारी फैलने के बाद अब बाली कंडारस्यूं पट्टी के बडसुडी गांव में भी ग्रामीण मौसमी बीमारी की चपेट में आ गए हैं। यहां पर बुखार, जुकाम, डिहाइड्रेशन और पीलिया के शिकार हो गए हैं।
रामी देवी (65), गुड्डी देवी (32), निशा (18), कनिका (8), दिया (10), जसोदा देवी (40), काजल (10), कुशला देवी (50), मोहित (21), सीमा देवी (48) के अलावा करीब दर्जनभर ग्रामीण मौसमी बीमारी से परेशान हैं। आसपास इलाज की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीण परेशान हैं। कलगडी मल्ली गांव में मंगलवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाया। डॉ. रमेश कुंवर के नेतृत्व में टीम ने दवाइयां बांटी। 42 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कलगडी मल्ली गांव में भी पीलिया से पीड़ित 13 बच्चों का उपचार शुरू किया गया। इनमें से पांच बच्चों का ब्लड सैंपल लिया गया। जांच टीम ने पानी के भी सैंपल लिए।