कोटद्वार। बाल विकास परियोजना दुगड्डा की ओर से पोषण अभियान के अंतर्गत शनिवार को विशाल जन जागरूकता पोषण रैली का आयोजन किया गया। शनिवार को कौड़िया क्षेत्र से शुरू हुई रैली को खंड विकास अधिकारी दुगड्डा वीडी रतूड़ी, नगर निगम के निरीक्षक सुनील चौधरी एवं विधानसभा अध्यक्ष के पीआरओ मणिराम शर्मा ने सामूहिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का संचालन प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी शिवाली एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर संतोषी गुसाईं ने संयुक्त रूप से किया। रैली कौड़िया कैंप से शुरू होकर नगर के मुख्य चौराहों एवं मार्गों से होती हुई तहसील परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
जन जागरूकता रैली में शामिल सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं आदि ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाओं, किशोरियों को कुपोषण से बचाने के लिए उन्हें उचित पोषण देने, उनके बेहतर स्वास्थ्य के साथ साथ शिक्षा के लिए भी जागरुक किया गया। महिलाओं ने कहा कि एक शिक्षित नारी तीन परिवारों में शिक्षा का संचार करती है और जब नारी शिक्षित होती है, तो वह अपने स्वास्थ्य को लेकर भी गंभीर रहती है। रैली में नगर निगम क्षेत्र की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं एवं सहायिकाएं पोषण संबंधी पोस्टर लेकर शामिल हुई थीं।