श्रीनगर। देवप्रयाग विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत हिंडोलाखाल, कीर्तिनगर व देवप्रयाग में जल्द ही विधायक निधि से एंबुलेंसों की व्यवस्था होगी। साथ ही देवप्रयाग क्षेत्र मेें अधिक से अधिक डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी।
यह वायदे नवनिर्वाचित विधायक विनोद कंडारी ने कड़ाकोट पट्टी के खोला गांव में आयोजित सभा में किए। चुनाव जीतने के बाद पहली बार क्षेत्र में पहुंचने पर कंडारी का जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हाल में श्रीनगर मेडिकल कालेज से टिहरी जिले को 19 डॉक्टर मिले हैं। इनमें से अधिक से अधिक डॉक्टरों की देवप्रयाग विधान सभा क्षेत्र में तैनाती कराई जाएगी। इस मौके पर ग्रामीणों ने उन्हें ज्ञापनों के पुलिंदे भी सौंपे। कंडारी ने बताया कि पेयजल समस्या के निराकरण के लिए निशुल्क हेल्प लाइन नंबर की व्यवस्था की गई है। जिस क्षेत्र में पानी की समस्या है वहां के लोग इस नंबर के माध्यम से अधिकारियों को सूचित कर सकते हैं। कंडारी ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान महिलाओं ने उनसे शिकायत की थी कि समाज कल्याण विभाग से मिलने वाली पेंशन नहीं मिल रही है। पेंशन के लिए सरकार ने 47 लाख रुपये जारी कर दिए हैं। आगामी अप्रैल माह में पेंशन महिलाओं को मिल जाएगी।
उन्होंने विद्युत सेवा से वंचित 75 गांवों में छह माह में बिजली पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष बलोनी, महिला अध्यक्ष आशा पैन्यूली, रघुवीर सिंह, संजय चौहान, जयपाल सिंह राणा, प्रदीप रौथाण, मकान सिंह और राजेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद थे।