पौड़ी में भाजयुमो की गर्जना रैली में कलेक्ट्रेट के पास हुई सभा को संबोधित करते प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल। कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते कार्यकर्ता।
- फोटो : amar ujala.
भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल की देखरेख में पौड़ी क्लेक्ट्रेट आफिस के सामने भाजयुमो के घेरा डालो डेरा डालो विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार पर युवा विरोधी कार्य करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत युवाओं को रोजगार दिलाने के बजाय भांग की खेती करने की सलाह दे रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम धन संग्रह कर रहे हैं। परिवारवाद को बढ़ावा देकर प्रदेश में युवाओं का भविष्य चौपट कर रहे हैं। कांग्रेस के घोटालों की बारात अब युवा निकालेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में प्रदेश सरकार ठीक से पीसीएस की परीक्षा तक नहीं करा पाई है। रोजगार की मांग पर आंदोलन करने पर अतिथि शिक्षकों को पीटा गया। उन्होंने सीएम पर विधायकों का सौदा करने का आरोप लगाया।
लटवाल ने कहा कि हमें पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी का ईमानदार राज चाहिए। भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस नहीं। इससे पहले भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बद्रीनाथ धर्मशाला से शहर भर में रैली निकालकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं सरकार को हटाने की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन एडीएम रामजीशरण शर्मा को सौंपा।
इस दौरान प्रदेश मंत्री सूरज घिल्डियाल, नवनीत राजपूत, विक्रांत रावत, सुषमा रावत, सुमनलता ध्यानी, मुकेश रावत, उमेश रावत, रोशन रावत, पंकज पंच भैया, मुकेश कोली, राजकुमार पोरी, घनानंद, राजेंद्र प्रसाद टम्टा व विकास कुकरेती भी मौजूद रहे।