उत्तराखंड राज्य निर्माण सेनानी मोर्चा ने गाम पंचायत पदमपुर एवं काशीरामपुर में केबल ऑपरेटरों की ओर से उपभोक्ताओं के केबल कनेक्शन काटने पर आपत्ति जताते हुए इसे तुरंत रोकने की मांग की।
एसडीएम को दिए ज्ञापन में मोर्चा के महासचिव महेंद्र सिंह रावत ने कहा कि ग्राम पंचायत पदमपुर और काशीरामपुर में केबल ऑपरेटरों ने सेट टॉप बाक्स न लगाने वाले ग्रामीणों के केबल कनेक्शन काट दिए, जिससे ग्रामीणों को सेट टॉप बाक्स लगाने के लिए बाध्य होना पड़े।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में 31 दिसंबर 2016 तक सेट टॉप बाक्स लगेंगे। इसके बावजूद केबल ऑपरेटरों की तरफ से मनमानी करते हुए केबल कनेक्शन काटे जा रहे हैं, जिसका मोर्चा विरोध करता है।
उन्होंने एसडीएम से केबल ऑपरेटरों को ग्रामीणों के केबल कनेक्शन काटने से रोकने के निर्देश देने को कहा। इस अवसर पर रमेश भंडारी, गुलाब सिंह रावत, हयात सिंह गुुसाईं, दिनेश चंद्र, लोकेश्वर प्रसाद, भूपाल सिंह रावत और धीरज सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।