गर्मी बढ़ते ही पानी की समस्या भी बढ़ने लगी है। कई जगह गंदा पानी आ रहा है ऊपर से पानी की सप्लाई भी नियमित नहीं है। ये समस्याएं सोमवार को बालासौड़ ग्राम पंचायत के ब्रह्मपुरी में जनता दरबार में स्वास्थ्य मंत्री ने सुनीं। उन्होंने सभी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि ब्रह्मपुरी, जानकीनगर और उमरानगर में विगत कई दिनों से नलों में गंदा पानी आ रहा है। कई लोगों ने क्षेत्र में नियमित पानी की आपूर्ति न किये जाने की शिकायत की है। स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने जलसंस्थान के अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर पानी की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। प्रकाश गौड़ ने जीर्ण-शीर्ण पेयजल लाइनों का मुद्दा उठाया। कहा कि पुरानी पाइप लाइनों के चलते लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्र पंचायत सदस्य राजाराम अण्थवाल ने बालासौड़ में पंचायतघर का निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों ने जर्जर विद्युत पोलों को बदलने, घरों के ऊपर से विद्युत लाइन हटाने की मांग की है। लोगों ने ब्रह्मपुरी क्षेत्र में आने जाने के लिए रास्ता बनाने की मांग मंत्री से की है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुरेश असवाल, ग्राम प्रधान बसंती थलेड़ी, बालकराम बलोधी, डॉ. चंद्रमोहन खर्कवाल, सतीश, मोहन लाल सकलानी, राम सिंह सैनी, वीरेंद्र थलेड़ी, प्रकाश गौड़, रंजना रावत, कुसुम असवाल, लता बलूनी, कृष्णा बहुगुणा, आशीष जखवाल, केएस चौहान, गिरिराज किशोर हिंदवाण, डॉ. एनके जखमोला, मनवर सिंह आर्य, बीडी नवानी, उपजिलाधिकारी जीआर बिनवाल, तहसीलदार छवाण सिंह और सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व शिक्षक भैरवदत्त जखमोला और संचालन रवींद्र जजेड़ी ने किया।