बूचाखाल-सिसल्डी-असनखेत-सिलवाड़ मोटर मार्ग पर नौगांव के पास बरातियों से भरी मैक्स गाड़ी खाई में गिरने से गंभीर रूप से घायल हुए एक बराती ने एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में दो बरातियों की मौके पर ही मौत हो गई थी और नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सात घायलों को बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती किया गया था, जबकि दो घायलों की हालत को चिंताजनक देखते हुए उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था।
चार अक्तूबर को गुनियाल गांव से बरात बसड़ा लौट रही थी। बरातियों से भरी एक मैक्स बूचाखाल-सिसल्डी-असनखेत-सिलवाड़ मोटर मार्ग पर नौगांव के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई थी। दो बराती मुकेश सिंह (35) निवासी गुनियाल गांव और नूतन (35) की मौके पर ही मौत हो गई थी। घायल दीप्ति, दिनेश चंद्र, शिवनंदन, सुरजी देवी, आयुष, सरदार सिंह, अद्विक, प्रीति को कोटद्वार स्थित बेस अस्पताल में भर्ती किया गया था। हादसे में गंभीर चोट आने पर चिंताजनक हालत में कल्याण सिंह और नरेंद्र सिंह को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था। उपचाराधीन कल्याण सिंह गुसाईं के संबंधी मनमोहन सिंह ने बताया कि शनिवार शाम कल्याण सिंह ने एम्स अस्पताल में दम तोड़ दिया। कल्याण सिंह छोटा किसान था। वह कुछ किसानों की जमीन बटाई पर लेकर मेहनत-मजदूरी कर बमुश्किल रोजी-रोटी कमा रहा था। कल्याण सिंह का पुत्र बाहर रहकर नौकरी करता है। मनमोहन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव का सोमवार को हरिद्वार में अंतिम संस्कार किया जाएगा।