कोटद्वार। बिजनौर जिले के बड़िया के पास कंडरावाली में 12 साल की बच्ची को मारने वाला गुलदार कोटद्वार भाबर के गांवों तक पहुंचने लगा है। यूपी के जंगलों से सटे मोटाढाक क्षेत्र में कई जगहों पर हमलावर गुलदार की चहलकदमी को देखते हुए ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। जिससे लैंसडौन वन विभाग के कोटद्वार रेंज के अधिकारियों ने सुरक्षा की दृष्टि से पिंजरे लगा दिए हैं और रात की गश्त भी बढ़ा दी गई है। इस बात की आशंका है बच्ची को मारने के बाद गुलदार नरभक्षी हो सकता है।
भाबर क्षेत्र के पदमपुर मोटाढाक में विगत कुछ दिनों से गुलदार का आतंक बढ़ गया है। क्षेत्र में सक्रिय गुलदार अब तक दो कुत्तों को मार चुका है। घर आंगन में गुलदार के धमकने से लोगों में दहशत बनी हुई है। भाबर के मानपुर, मवाकोट और हल्दूखाता तल्ला में भी लगातार गुलदार दिखाई दे रहा है। बीते पांच सितंबर को बिजनौर वन प्रभाग नजीबाबाद के कौड़िया रेंज के अंतर्गत कंडरावाली गांव में गुलदार ने 12 साल की बच्ची गुडिया पर हमलाकर उसे मार मार डाला था। कौड़िया रेंज का जंगल कोटद्वार भाबर के पदमपुर मोटाढांक व हल्दूखाता तल्ला से सटा हुआ है। ऐसे में गुलदार के नरभक्षी होने की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। जिसे देखते हुए लैंसडौन वन प्रभाग भी सक्रिय हो गया है। वन कर्मियों की ओर से लगातार प्रभावित क्षेत्र में गश्त की जा रही है। पदमपुर मोटाढाक में पिंजरा भी लगा दिया गया है।
रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि भाबर क्षेत्र में कई जगहों में गुलदार के दिखने की सूचनाएं मिली हैं। प्रभावित क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ ही लोगों को जागरूक कर सतर्कता बरतने की हिदायत दी जा रही है। पदमपुर मोटाढाक के मोहननगर कॉलोनी में गुलदार को पकड़ने के लिए एक पिंजरा भी लगाया गया है।