पालकोट गांव में लोक निर्माण विभाग की भूमि पर सड़क किनारे बोरिंग मशीन लगाने और उसके ऊपर बने पक्के शेड को प्रशासन ने अवैध बताया और जेसीबी चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया।
कोटद्वार- लैंसडौन मुख्य मार्ग पर पालकोट मोड़ के पास एक होटल संचालक ने सड़क से पांच मीटर की दूरी पर होटल तक पानी पहुंचाने के लिए बोरिंग करना शुरू कर दिया था। यही नहीं बोरिंग के ऊपर पक्का शेड का निर्माण कर दिया था। ग्रामीणों ने इसके विरोध में बीते दिनों कोटद्वार लैंसडौन मार्ग पर आंदोलन करते हुए पांच घंटे जाम किया था। प्रशासन की ओर से मामले पर उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने तब जाम खोल दिया था। नायब तहसीलदार हरीश जोशी ने बताया कि बृहस्पतिवार को वे लोनिवि के सहायक अभियंता एलएस रावत, कानूनगो रमेश रावत पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कहा कि अवैध निर्माण पर जेसीबी चलवाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया है। ग्राम प्रधान जानकी देवी, प्रदीप कुमार समेत सभी ग्रामीणों ने प्रशासन का आभार जताया।