लैंसडौन पुलिस ने पर्यटन नगरी लैंसडौन के कुली मोहल्ले में आयोजित नामकरण पार्टी में फायरिंग कर महिला को घायल करने वाले आरोपी को कोटद्वार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की लाइसेंसी रिवाल्वर को भी जब्त कर लिया गया है।
कोतवाली प्रभारी एसएन गैरोला ने बताया कि शुक्रवार रात कुली मोहल्ला में राजेंद्र बहादुर के बेटे के नामकरण संस्कार की पार्टी चल रही थी। इस बीच शराब के ठेके में काम करने वाला एक व्यक्ति वहां पहुंचा और उसने हवा में कई फायर किए। इस दौरान रिवाल्वर से निकली एक गोली वहां बैठी एक नेपाली महिला माया देवी (35) पत्नी दल बहादुर के पैर में लग गई। बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर लाइसेंस धारक गणेश जुयाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज गिरफ्तारी के लिए टीम को रवाना किया गया। शनिवार शाम को साढ़े पांच बजे एसएसआई रियाज अहमद के नेतृत्व में कोटद्वार गई पुलिस टीम ने आरोपी को राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार के मुख्य द्वार पर दबोच लिया। आरोपी के पास से लाइसेंसी रिवाल्वर जब्त की गई है। संवाद