कोटद्वार। नजीबाबाद-कोटद्वार के बीच संचालित पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों में नजीबाबाद जंक्शन के टीटीई स्टाफ ने आकस्मिक चेकिंग कर कई यात्रियों को बेटिकट पकड़ा। चेकिंग से ट्रेन में सवार बेटिकट यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बेटिकट यात्रियों से सात हजार रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया।
बृहस्पतिवार सुबह 9:05 बजे नजीबाबाद से कोटद्वार के लिए चली पैसेंजर ट्रेन में नजीबाबाद जंक्शन के चेकिंग स्क्वायड ने मुख्य टिकट निरीक्षक सीपी सिंह के नेतृत्व में जांच की। ट्रेन की गति धीमी होने से कुछ बेटिकट यात्री ट्रेन से कूद गए। टीम ने ट्रेन में बिना टिकट सवार यात्रियों से जुर्माना वसूला। वहीं, कुछ बेटिकट यात्री खुद को टीटीई स्टाफ से बचाए रहे और सनेह रोड हाॅल्ट स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर टिकट खरीदा। ट्रेन में चेकिंग का यह क्रम बृहस्पतिवार शाम 6:30 बजे तक जारी रहा। मुख्य टिकट निरीक्षक सीपी सिंह ने बताया कि चेकिंग में 27 यात्रियों को बिना टिकट पकड़कर उनसे 7,020 रुपये जुर्माना वसूला गया। चेकिंग अभियान से टिकट की काउंटर सेल में बढ़ोतरी हुई है। चेकिंग टीम में टीटीई मोहम्मद इरफान एवं मान सिंह शामिल रहे।
.
जंगल में हाल्ट स्टेशन से खरीदे टिकट
कोटद्वार-नजीबाबाद के बीच जाफराबाद के जंगल में रेलवे का सनेह रोड नाम से हाल्ट स्टेशन है। यहां पैसेंजर ट्रेनों का दो मिनट का स्टापेज है। बृहस्पतिवार को ट्रेनों में चेकिंग होने पर बेटिकट यात्रियों ने सनेह रोड हाल्ट स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर टिकट खरीदे। स्टेशन अधीक्षक आशीष बिष्ट ने बताया कि सनेह रोड स्टेशन पर आमतौर पर इक्का-दुक्का टिकट ही खरीदे जाते हैं, लेकिन बृहस्पतिवार की शाम 5:30 बजे तक 44 टिकट खरीदे गए। वहीं, नजीबाबाद और कोटद्वार स्टेशन पर आम दिनों की अपेक्षा अधिक टिकट बिके।
.
फोटो समाचार
जारी
चरनजीत सिंह