बीईएल कर्मचारी महासंघ ने उठाई मांग, विस अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
कोटद्वार। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) कर्मचारी महासंघ ने कोटद्वार से दिल्ली के लिए एसी बस सेवाएं पुनः शुरू करने की मांग उठाई है। महासंघ के महासचिव प्रदीप बडोला ने इस संबंध में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी को ज्ञापन सौंपकर यात्रियों की समस्या से अवगत कराया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि कोटद्वार समेत समूचे गढ़वाल क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग दिल्ली और एनसीआर के लिए यात्रा करते हैं। पहले उत्तराखंड परिवहन निगम के कोटद्वार डिपो से दिल्ली मार्ग पर पांच एसी बसों का नियमित संचालन होता था लेकिन लंबे समय से यह सेवाएं बंद पड़ी हैं। इसके कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
महासंघ का कहना है कि एसी बसों के संचालन बंद होने से बीईएल कर्मचारियों, दिल्ली-एनसीआर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं, व्यापारियों और आम यात्रियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। गर्मी के मौसम में यात्रियों को विशेष परेशानी झेलनी पड़ रही है और उन्हें निजी वाहनों अथवा महंगे विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है।
प्रदीप बडोला ने जनहित को देखते हुए कोटद्वार-दिल्ली मार्ग पर पूर्व की भांति चार से पांच एसी बसों का संचालन शीघ्र शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि गढ़वाल और राजधानी के बीच आवागमन भी अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित हो सकेगा।